छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने वन विभाग से हुए सेवानिवृत अधिकारी, कर्मचारी के संविदा व दैनिक दर पर नियुक्ति का किया खुलकर विरोध
रायपुर / छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख को पत्र लिखकर वन विभाग में वन रक्षक,वनपाल,उप वनक्षेत्रपाल, वनक्षेत्रपाल के पद से सेवानिवृत हुए अधिकारी कर्मचारी को किये जा रहे संविदा व दैनिक दर पर नियुक्ति को लेकर विरोध करते हुए पत्र जारी किया है।

छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रान्ताध्यक्ष अजीत दुबे ने वन बल प्रमुख को अपने पत्र में लेख किया है कि वन विभाग में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नियोजन के प्रस्ताव का विरोध करने एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी / बेरोजगार युवाओं को अवसर प्रदान करने के संबंध में।
दुबे जी ने दिनांक 01.06.2026 के समीक्षा बैठक के संबंध में हवाला देते हुए पत्र जारी किया है की विभाग द्वारा क्षेत्रीय स्तर पर रिक्त वनरक्षक /वनपाल / उपवनक्षेत्रपाल एवं वनक्षेत्रपाल के पदों पर सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारियों को दैनिक दर पर पुनः नियोजित करने हेतु प्रस्ताव समीक्षा बैठक में लिये गए हैं। इस निर्णय से प्रदेश के वन कर्मचारियों एवं युवाओं और वर्तमान में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों में भारी असंतोष व्याप्त हो रहा है।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध करता हैं और संघ बन बल प्रमुख का ध्यान आकर्षित करना चाहा हैं कि विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और नियमितीकरण का इंतजार कर रहे हैं। इस प्रकार के योजना में पहला हक उन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी लोगों का बनता है एवं बेरोजगारी की समस्या प्रदेश में लाखों योग्य और प्रशिक्षित बेरोजगार युवा वन विभाग में भर्ती की आस में वर्षों से तैयारी कर रहे हैं। जिससे सेवानिवृत्त वन कर्मचारियों को दोबारा मौका देने से इन युवाओं एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। आप यह भी अवगत होना चाहेगे कि वन सुरक्षा एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण और कठिन कार्य है। जिसके लिये शारीरिक रूप से चुस्त दुरूस्त कर्मचारियों की आवश्यकता होती है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तुलना में बेरोजगार युवा एवं विभाग में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी इस कार्य को अधिक कुशलता से कर सकते हैं। रिटायर्ड कर्मचारियों को रखने से नई भर्तियों के रास्ते बंद होंगे जिससे आने वाली पीढ़ी का मनोबल टूटेगा।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ आपसे विनम्र अनुरोध करता है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुनः रखने के इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करते हुये इन रिक्त पदों पर विभाग में पहले से कार्यरत अनुभवी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियो को इन पदों पर प्राथमिकता से अवसर दिया जावे अथवा सीधे प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नई भर्ती निकाली जावे। संघ आपसे आशा करता है कि आप दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी एवं प्रदेश के बेरोजगार युवाओ के हित में संवेदनशीलता से विचार करते हुए उचित निर्णय लेने हेतु आग्रह किया है।
अब देखना यह है कि क्या वन बल प्रमुख वन कर्मचारी संघ के मांग पर निर्णय लेता है या फिर नही, अगर उचित निर्णय नही लिया जाता है तो क्या कर्मचारी संगठन आर पार लड़ने के लिये तैयार हैं।


