वन विभाग की कड़ी कार्यवाही,भालू को कोल्ड्रींक पिलाने वाले ,युवक को किया गया गिरफ्तार
रायपुर / महासमुंद जिला के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के चंडी माता मंदिर के भालू से छेड़छाड़ कर कोल्ड ड्रिंक पिलाने का वीडियो वायरल हुआ था! इस मामले में ग्राम मुढ़ी, जिला-बिलासपुर निवासी करण धुरी को वन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 की धारा 9, 52, 51 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चंडीमाता मंदिर के समीप भालू के साथ छेड़छाड़ करते हुए कोल्ड ड्रिंक पिलाने का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाते दिख रहा है। 12 सितंबर को मामला दर्ज कर युवक की पतासाजी शुरू हुई। उप वन मंडलाधिकारी महासमुंद गोविंद सिंह ने बताया कि सूत्रों से जानकारी मिली कि वन्यप्राणी के साथ छेड़छाड़ करने वाला युवक बिलासपुर जिले के तखतपुर का रहने वाला है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा लोकनाथ ध्रुव ने अपने टीम के साथ पहुंचे और बिलासपुर वनमंडल के तखतपुर वन परिक्षेत्र की टीम से भीं सहयोग लेते हुए आरोपी करण धुरी उम्र 19 को गिरफ्तार कर लिया गया । उन्होंने बताया कि युवक ने 4 सितंबर को वीडियो बनाया और उसे वायरल किया था। गोविंद सिंह ने बताया कि किसी भी वन्य प्राणी को कोई भी वस्तु खिलाना या पिलाना अपराध की श्रेणी में आता है।
गिरफ्तार युवक ने भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाना स्वीकार करते हुए कहा कि कुछ लोग भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाने की कोशिश कर रहे थे। वहां से गुजरते हुए उसने भी भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, उसे नहीं मालूम था कि यह अपराध है।

